चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो जैसलमेर
मनरेगा बचाओ संग्राम: अंबेडकर पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उपवास
अमरदीन फ़कीर जिला अध्यक्ष जैसलमेर नेशनल इंडियन कांग्रेस ने बताया कि
मनरेगा योजना को बचाने और मजदूरों के हक़ की रक्षा की मांग को लेकर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आज अंबेडकर पार्क स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर साहब की प्रतिमा के आगे कांग्रेस कार्यकर्ता उपवास पर बैठे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण मजदूरों का रोजगार और जीवनयापन प्रभावित हो रहा है। उपवास पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग के सम्मान व अधिकार से जुड़ी योजना है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि मनरेगा में समय पर भुगतान, पर्याप्त बजट आवंटन और पूरे वर्ष काम उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने की नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उपवास के दौरान अंबेडकर साहब के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा का संकल्प भी लिया गया।
