Indore-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार सुबह इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना हुई। वे उज्जैन में 3 घंटे रहेंगी।
यहां सफाई मित्र सम्मेलन में शामिल होने के अलावा उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन करेंगी।
महाकाल मंदिर के गर्भगृह में पूजन के साथ महाकाल लोक भी घूमेंगी। इसके बाद वे इंदौर लौटेंगी।
यहां देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर शामिल होंगी।
इसके बाद वे झारखंड के लिए रवाना हो जाएंगी।
3.10 बजे शुरू होगा दीक्षांत समारोह
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह गुरुवार दोपहर 3.10 बजे शुरू हाेगा।
मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों अलग-अलग कोर्स के 46 टॉपर्स (छात्रों) काे गोल्ड मेडल दिए जाएंगे।
समारोह में कुलाधिपति मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति 150 से ज्यादा पीएचडी शोधार्थियों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाएंगी।
मेडल व डिग्री पाने वाले छात्रों काे दाे घंटे पहले पहुंचना हाेगा।
राष्ट्रपति की मौजूदगी में 1 घंटे 20 मिनट समारोह चलेगा। इसके बाद कुछ देर कार्यक्रम में ब्रेक रहेगा।
फिर मेहमानों की वापसी के बाद कुलपति प्रो. रेणु जैन के हाथों पीएचडी शोधार्थियों काे डिग्री प्रदान की जाएगी।
समारोह की शुरुआत में टॉपर्स व सीनियर प्रोफेसर-डीन व कार्यपरिषद सदस्य प्रोसेशन के साथ भीतर पहुंचेंगे।
इसके बाद समारोह की औपचारिक शुरुआत हाेगी।
प्रोसेशन में शामिल प्रोफेसरों व बाकी सदस्यों के साथ भी राष्ट्रपति का ग्रुप फोटो हाेगा।
समारोह में इंजीनियरिंग, साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स, मैनेजमेंट सहित विभिन्न कोर्स में वर्ष 2023 में टॉप करने वाले छात्रों काे गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में मेडल पाने वाले छात्रों के अभिभावक भी शामिल हाेंगे। स्टूडेंट्स को मेडल 10 मिनट में बांटे जाएंगे।
