
भारत आए पाकिस्तान मूल के दो यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन वो इंदौर पहुंच गए। वीजा नियमों के चलते उन्हें इंदौर एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया है। इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर वीपी सेठ ने बताया कि दोनों को गुरुवार देर रात शारजाह जाने वाली फ्लाइट से वापस भेजा जाएगा।
दोनों यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की यूएई के शारजाह से इंदौर आई मंगलवार रात की फ्लाइट से आए। एयरपोर्ट अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों यात्रियों के नाम विक्की कुमार और पूनम कुमारी है।
दोनों को वीजा शर्तों के अनुसार शारजाह से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरना था। इसके बाद वे भारत में कहीं भी जा सकते थे। बताया जा रहा है कि दोनों ही यात्रियों की वापसी भी दिल्ली एयरपोर्ट से होनी थी, जबकि यह दोनों यात्री इंदौर के देवी अहिल्या बाई एयरपोर्ट पर पहुंच गए।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही ठहराया गया है। बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
पाकिस्तानी नागरिक सीधे इंदौर नहीं उतर सकता ट्रैवल एजेंट ऐसी आशंका जता रहे हैं कि दोनों यात्री खुद या एजेंट की गलती से परेशान हुए हैं। दरअसल, इन दोनों यात्रियों ने दिल्ली का वीजा लिया था, लेकिन इंदौर की उड़ान का टिकट करवा लिया। इस कारण इन्हें रोक लिया गया।
ट्रैवल एजेंट ने बताया- कोई भी पाकिस्तानी नागरिक हवाई मार्ग से सीधे इंदौर नहीं उतर सकता है। उसे निर्धारित एयरपोर्ट्स पर ही उतरना होगा। एजेंट ने इनका दिल्ली की बात करके इंदौर का टिकट करा दिया। इस कारण इन्हें रोका गया। ये डायरेक्ट इंदौर नहीं आ सकते।
[metaslider id="122"]